Oplus_16908288
झबरेड़ा 16 जुलाई। क्षेत्र अंतर्गत विद्यालय प्रांगण में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षक-कर्मचारियों द्वारा लोक पर्व ‘हरेला’ बेहद धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सभी उपस्थित लोगों द्वारा पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ लेकर की गई।

गुरुवार को हरेला पर्व के अवसर पर विद्यालय पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज लाठरदेवा हूण स्थित परिसर में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए “एक पेड़ माँ के नाम” विशेष मुहिम की भी शुरुआत की गई। इस अभियान के तहत विद्यालय परिसर में आंवला, कटहल, नींबू, चांदनी, चंपा, आम, जामुन और बेलपत्री जैसे विभिन्न औषधीय, फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। विद्यालय प्रभारी प्रधानाचार्य सुरेश प्रसाद ने सभी को हरेला पर्व की ढेरों बधाई दी। उन्होंने उपस्थित जनसमूह व छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए हरेला पर्व के पौराणिक और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वृक्ष लगाना सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि धरती को सुरक्षित रखने का हमारा कर्तव्य है। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। पौधारोपण अभियान को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षक व स्टाफ सदस्य एस.के. राठौर, संदीप वर्मा, बीना देवी, जितेंद्र पवार, विपुल सालार, रविंद्र पाल सिंह, दिनेश सिंह, मुकेश बगवाड़ी, सूरजभान, सुशील कुमार, अरुण राठी,वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी अलका रानी, मानसी, प्रताप नारायण, अनीता, मोहम्मद उस्मान, राकेश शर्मा और आलोक द्विवेदी शामिल रहे। इसके साथ ही विद्यालय के भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ उपस्थित होकर इस अभियान में अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया।





