झबरेड़ा 17 जून। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक शातिर चोर सहित एक विधि विवादित किशोर को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से झबरेड़ा क्षेत्र से चोरी हुई बाइक सहित कुल 5 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।

जानकारी के अनुसार, बीते 15 जून 2026 को अबुजर निवासी सालियर, कोतवाली गंगनहर ने थाना झबरेड़ा में अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने की तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना का जल्द अनावरण करने के लिए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी मंगलौर के पर्यवेक्षण तथा प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक कोतवाली झबरेड़ा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। उपनिरीक्षक योगेश कुमार और टीम ने घटनास्थल सहित कस्बे व आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज की गहन जांच के बाद संदिग्ध चोर पुलिस के रडार पर आए। 16 जून 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने इकबालपुर-कुन्जा रोड पर ग्राम सुनहेटी गेट के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्धों को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपितो की पहचान रवि निवासी ननहैडा़ अनंतपुर, थाना भगवानपुर और एक विधि विवादित किशोर निवासी बंदा खेड़ी, थाना गंगनहर के रूप में हुई। गिरफ्तारी के समय आरोपितो के पास से झबरेड़ा से चोरी हुई बाइक बरामद हुई। इसके बाद जब पुलिस ने उनसे सख्ती से पूछताछ की, तो उनकी निशानदेही पर अलग-अलग थानों से चोरी की गई 4 अन्य स्प्लेंडर व हीरो होंडा मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। बरामद बाइकों में से एक बाइक कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र से चोरी की गई थी। पुलिस दोनों आरोपितो के खिलाफ कानूनी कार्रवाई न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, उपनिरीक्षक योगेश कुमार, अपर उपनिरीक्षक गिरीश सिंह, हेड कांस्टेबल रामवीर सिंह और कांस्टेबल नसीबुद्दीन शामिल रहे।





