झबरेडा 16 अप्रैल। नगर पंचायत झबरेड़ा में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के स्वरूप को लेकर आजाद समाज पार्टी कांशीराम ने कड़ा रुख अपनाया है। पार्टी के पदाधिकारियों ने नगर पंचायत अध्यक्ष को पत्र लिखकर वर्तमान प्रतिमा के छोटे आकार पर आपत्ति जताई है और इसे बाबा साहब के व्यक्तित्व के अनुरूप न होने की बात कही है।आजाद समाज पार्टी के नेताओं का कहना है कि झबरेड़ा के चौधरी भरत सिंह चरत सिंह मार्ग पर स्थापित की गई बाबा साहब की प्रतिमा का आकार बहुत छोटा है। पार्टी का तर्क है कि छोटे आकार की मूर्ति के कारण क्षेत्र के नागरिकों और युवाओं में भारी असंतोष और आक्रोश है। लोगों का मानना है कि यह प्रतिमा संविधान निर्माता के गरिमामयी व्यक्तित्व को सही ढंग से प्रदर्शित नहीं करती। पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र ही प्रतिमा का आकार बढ़ाकर उसे भव्य रूप में स्थापित किया जाए। इस मुद्दे को लेकर आजाद समाज पार्टी के एक सक्रिय प्रतिनिधिमंडल ने आवाज उठाई है, जिसमें मुख्य रूप से विधानसभा झबरेड़ा आजाद समाज पार्टी प्रत्याशी महक सिंह,जिला अध्यक्ष हरिद्वार मोहन दास ,जिला महासचिव।सौरभ पालीवाल,सुशील पाटिल, सोनू, चीनू, ललित कुमार, शिवचरण, गजेंद्र और मनोज सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल हैं। महक सिंह ने कहा कि इस मांग को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर का भी समर्थन है। उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष लेखराज गौतम और राष्ट्रीय अध्यक्ष व नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद के निर्देशों पर पार्टी कार्यकर्ता इस सामाजिक मुद्दे को लेकर खड़े हुए हैं। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि यदि शीघ्र ही प्रतिमा के आकार में परिवर्तन कर उसे भव्यता प्रदान नहीं की गई, तो आगामी दिनों में आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जा सकती है। फिलहाल, कार्यकर्ताओं ने नगर पंचायत प्रशासन से अतिशीघ्र उचित कार्रवाई की अपेक्षा की है।






