
झबरेडा 15 अप्रैल। सीबीएसई बोर्ड द्वारा कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित होते ही कस्बे में खुशी की लहर दौड़ गई। झबरेडा निवासी रजनीश गोयल की सुपुत्री तेजस्वी गोयल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 94.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। इस उपलब्धि से तेजस्वी ने न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे क्षेत्र और विद्यालय का नाम रोशन किया है।


तेजस्वी की इस सफलता की सबसे प्रेरणादायक बात यह है कि उन्होंने इसके लिए किसी भी बाहरी कोचिंग या ट्यूशन का सहारा नहीं लिया। पुहाना स्थित ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल-2 की छात्रा तेजस्वी के पिता रजनीश गोयल ने बताया कि उनकी पुत्री शुरू से ही सेल्फ स्टडी पर निर्भर रही है। उन्होंने कहा तेजस्वी ने अपनी प्राथमिक शिक्षा से लेकर अब तक कभी ट्यूशन नहीं ली। वह स्कूल में शिक्षकों के मार्गदर्शन और घर पर एकाग्रता से पढ़ाई करती है। उसकी मेहनत का ही परिणाम है कि आज उसने यह मुकाम हासिल किया।यह पहली बार नहीं है जब तेजस्वी ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया हो। इससे पूर्व भी उन्होंने हरिद्वार जनपद में आयोजित ‘भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा’ में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर पुरस्कार जीता था। उनकी इस निरंतरता ने यह साबित कर दिया कि दृढ़ संकल्प से किसी भी बाधा को पार किया जा सकता है। अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को देते हुए तेजस्वी गोयल ने अपने भविष्य के लक्ष्य साझा किए। उन्होंने बताया कि वह आगे चलकर वकालत की पढ़ाई करना चाहती हैं। उनका सपना एक न्यायाधीश (जज) बनकर देश की सेवा करना और न्याय प्रणाली में अपना योगदान देना है। परिणाम घोषित होने के बाद तेजस्वी के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों ने मिठाई खिलाकर बिटिया का मुंह मीठा कराया और उसे उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।

ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल की प्रधानाचारर्या डॉ. सीमा भूषण ने तेजस्वी और परीक्षा में सफल रहे अन्य सभी छात्र-छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के लिए यह गर्व का क्षण है और उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




