झबरेड़ा, 17 सितंबर। कस्बे में बुधवार देर शाम रास्ते में डीसीएम खड़ा करने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान कार और डीसीएम के शीशे तोड़ दिए गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली में खड़ा करा दिया। पुलिस मामले की जांच कर दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम एक डीसीएम रास्ते में खड़ा था। इससे आवागमन बाधित हो रहा था और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी बात को लेकर कार में सवार दूसरे पक्ष ने डीसीएम को रास्ते से हटाने के लिए कहा। कार सवार अपने घर जा रहा था। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई तथा गाली गलौज के बाद मारपीट हो गई। जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान कार और डीसीएम के शीशे तोड़ दिए गए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और दोनों वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।





