Oplus_16908288
झबरेड़ा, 17 सितंबर। कस्बे की नई मंडी स्थित भगवान विश्वकर्मा मंदिर में बुधवार को विश्वकर्मा जयंती हर्षोल्लास एवं श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना, यज्ञ और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर कस्बे एवं क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। धार्मिक कार्यक्रम में भजन उपदेशक सुरेंद्र कुमार ने भजनों के माध्यम से भगवान विश्वकर्मा की महिमा का गुणगान किया। भजनों पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथि विधायक वीरेंद्र जाती, भाजपा नेत्री वैजयंती माला, चौधरी मानवेंद्र सिंह, डॉ. गौरव चौधरी और आदित्य बृजवाल का आयोजकों की ओर से सम्मान किया गया। इसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर क्षेत्र के औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं मैकेनिकों की दुकानों पर भी पूजा-अर्चना की गई। असाही ग्लास फैक्ट्री, कार्बोरंडम फैक्ट्री, फिनोलेक्स केबल्स लिमिटेड और ऑटो ग्लास फैक्ट्री सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों में भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर मशीनों एवं औजारों की पूजा की गई।फिनोलेक्स केबल्स लिमिटेड में भी विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर हवन एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। कंपनी के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विधि-विधान से भगवान विश्वकर्मा का पूजन कर संस्थान की निरंतर उन्नति, कर्मचारियों की सुख-समृद्धि और सुरक्षित कार्य वातावरण की कामना की। हवन में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आहुति दी। पूजा के बाद कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया। कंपनी के अधिकारियों ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को निर्माण, तकनीक, शिल्प एवं कारीगरी का प्रतीक माना जाता है। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर कार्यस्थल पर मेहनत, गुणवत्ता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश मिलता है। इस अवसर पर कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट प्रवीण अहीरे, एचआर हेड विनीत कुमार, एवीपी मेंटेनेंस बीके सिन्हा, मेंटेनेंस मैनेजर अमित वर्मा, मुकेश सक्सेना सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, कस्बे एवं आसपास के क्षेत्र में मैकेनिकों ने भी अपनी दुकानों पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना कर प्रसाद वितरित किया। पूरे क्षेत्र में दिनभर धार्मिक माहौल बना रहा। कार्यक्रम में जयभगवान धीमान, रामपाल धीमान, अरविंद धीमान, दिनेश, टीनू, अनुज, कृपाल, बिजेंदर, अशोक, कुलबीर आदि ने सहयोग किया।





