झबरेड़ा 25 अप्रैल। थाना झबरेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सुन्हेटी आलापुर में चोरी के आरोप को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। जहाँ एक पक्ष ने युवक पर सरसों चोरी का आरोप लगाया है, वहीं दूसरे पक्ष ने युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।

पहला पक्ष के सुन्हेटी आलापुर निवासी रमेश चंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार-पांच दिन पहले उनके घर के आंगन से सरसों का एक कट्टा चोरी हो गया था। उन्हें गांव मौलना निवासी रजत पर इस चोरी का शक था। रमेश चंद्र ने इस संबंध में जांच कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, आरोपित युवक के पिता राजवीर सिंह निवासी मौलना ने गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को बताया कि 23 अप्रैल को रमेश, पालू प्रधान और कुछ अन्य लोगों ने उनके पुत्र रजत को चोरी के झूठे इल्जाम में पकड़ लिया। दबंगों ने रजत को पेड़ से बांधकर बेरहमी से पीटा और गाली-गलौज की। मारपीट में रजत को काफी चोटें आई हैं। पीड़ित पिता का आरोप है कि युवक को छोड़ते समय दोबारा दिखने पर जान से मारने की धमकी भी दी। राजवीर सिंह ने पुलिस से बेटे का मेडिकल कराने और उसके साथ मारपीट करने वालो के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। राजवीर सिंह की तहरीर पर मारपीट और धमकी की धाराओं में जांच की जा रही है। वहीं रमेश चंद्र की तहरीर पर चोरी की शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है कि क्या वाकई चोरी हुई थी या केवल शक के आधार पर युवक को प्रताड़ित किया गया।





