झबरेडा 22 जुलाई। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान एक युवक पर लाठी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाली झबरेडा क्षेत्र के गांव अकबरपुर फाजिलपुर निवासी अमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार की सुबह वह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान गांव का ही निवासी अजय सिंह वहां पहुंचा और आते ही गाली-गलौज करने लगा। अमित द्वारा गाली देने का विरोध करने पर आरोपित ने उस पर लाठी से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अमित के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





