Oplus_16908288
झबरेडा 22 मई। झबरेडा विधानसभा क्षेत्र के झबरेडी खुर्द गांव में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकार की नीतियों और जनसमस्याओं के निस्तारण को लेकर आयोजित एक बहुउद्देशीय शिविर अचानक रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। सरकार के कामकाज पर सवाल-जवाब से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में पूर्व विधायक व दर्जाधारी देशराज कर्णवाल की पत्नी, उनका भतीजा और दूसरे पक्ष का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी राजनीतिक सरगर्मी और तनाव का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल गांव झबरेडी खुर्द में सरकार की नीतियों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार और जनसमस्याओं के निस्तारण के लिए एक बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन कर रहे थे। शिविर से पहले प्रचार के लिए एक ई-रिक्शा भी चलाई गई थी। पूर्व विधायक का आरोप है कि कार्यक्रम शुरू होने से पहले उनके प्रचार गाड़ी के चालक बबलू के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की, जिसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस हंगामा कर रहे शिविर के सामने रहने वाले स्थानीय युवक सौरभ के भाई को हिरासत में लेकर थाने आ गई। इसी दौरान, कार्यक्रम स्थल पर मौजूद सौरभ ने सरकार के कामकाज और नीतियों को लेकर पूर्व विधायक से सीधे और तीखे सवाल करने शुरू कर दिए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि इसने एक बड़े विवाद का रूप ले लिया। जैसे ही इस पूरे घटनाक्रम और हिरासत में लिए जाने की भनक आजाद समाज पार्टी के स्थानीय नेता महक सिंह को लगी, वह तुरंत अपने भारी समर्थकों के साथ झबरेडा थाने पहुंच गए। तथा पुलिस हिरासत से युवक को छुड़वाया गया। बाद में मामला शांत होने के बजाय और बिगड़ गया। तथा दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल का कहना है कि आसपा नेता महक सिंह ने युवक को शराब पिलाकर गांव भेज दिया। शराब के नशे में धुत होकर उक्त युवक ने कार्यक्रम में बाधा डालने के उद्देश्य से तेज आवाज में डीजे बजा दिया। जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया, तो विरोधियों ने लामबंद होकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस मारपीट में पूर्व विधायक की पत्नी वैजयंती माला और उनका भतीजा अंशुल गंभीर रूप से घायल हो गए। कर्णवाल का आरोप है कि विपक्ष जानबूझकर सरकारी कार्यों में बाधा डाल रहा है। वहीं दूसरी ओर, आसपा नेता महक सिंह और पीड़ित सौरभ का आरोप बिल्कुल विपरीत है। उनका कहना है कि जब बाद में युवक शांतिपूर्वक अपने घर आ गया था, तो पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल खुद अपने समर्थकों के साथ उनके घर पर झगड़ा करने पहुंचे। दर्जाधारी मंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महक सिंह ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान पूर्व विधायक ने मर्यादा खो दी और युवक सौरभ को दांतों से काट खाया। महक सिंह ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि दर्जाधारी मंत्री हाथ में ईट लिए हमला करने को वीडियो में देखे जा सकते हैं “ऐसे नेता को तुरंत जेल में बंद रखना चाहिए, जो समाज के लिए हानिकारक हैं।”और अपने पद से भी इस्तीफा दे देना चाहिए। घटना के बाद दोनों ही पक्षों के घायल लोग थाने पहुंचे और एक पक्ष के खिलाफ तहरीर देते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस बल ने स्थिति को संभाला। क्षेत्राधिकारी अभिनय चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मुस्तैद हो गई थी। फिलहाल सभी घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही घायलों की मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों की औपचारिक तहरीर प्राप्त होती है, मामले की गहन जांच कर उचित और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है। दोनों राजनीतिक गुटों के बीच उपजा यह तनाव क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।





