झबरेड़ा, 4 जून। कोतवाली क्षेत्र के गांव में पारिवारिक विवाद को लेकर एक महिला ने अपने भाई और कुछ अन्य ग्रामीणों पर गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, दूसरे पक्ष ने महिला पर तांत्रिक विद्या और टोना-टोटका कर माहौल खराब करने का पलटवार किया है।

कोतवाली झबरेड़ा के गांव भक्तोंवाली निवासी पूनम देवी ने थाने में दी तहरीर में बताया कि वह पिछले दो वर्षों से अपने तीन बच्चों के साथ मायके में ही रह रही है। आरोप है कि बुधवार देर शाम उसके भाई और मोहल्ले के 4-5 अन्य लोगों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट करते हुए उसे गांव छोड़कर कहीं और चले जाने की धमकी दी। दूसरी ओर, दूसरे पक्ष के लोगों का कहना है कि उक्त महिला गांव में टोना-टोटका और तांत्रिक क्रियाएं करती है, जिससे पूरे मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। आसपास के कुछ ग्रामीणों ने महिला पर बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसने कथित तौर पर उनके बच्चों के कपड़े उठाकर जला दिए हैं, जिससे वे लोग परेशान हैं। पूरे मामले को लेकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





