झबरेड़ा, 23 जून। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गांव में एक महिला के साथ घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामले में पीड़िता ने गांव के ही दो नामजद लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित महिला ने बताया कि सोमवार देर शाम वह अपने घर पर अकेली थी। उसका पति किसी जरूरी काम से घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले दो लोग अचानक उसके घर में घुस आए और आते ही गाली-गलौज करने लगे। जब महिला ने इसका विरोध किया और गाली देने से मना किया, तो दोनों आरोपितो ने उसके साथ जमकर मारपीट की। घर के भीतर हो रहे झगड़े और महिला का शोर सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे। लोगों को अपनी तरफ आता देख आरोपित भाग खड़े हुए। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपित जाते-जाते उसे ‘बाद में देख लेने’ की जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच के बाद आरोपितो के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





