झबरेड़ा, 23 जून। इकबालपुर-मंगलौर मार्ग पर ग्राम देवपुर के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया था। एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर लगने से 50 वर्षीय साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस के कड़े प्रयासों के बाद देर शाम मृतक की शिनाख्त हो सकी।

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि सोमवार को इकबालपुर से कुछ आगे ट्रैक्टर ने एक साइकिल सवार को टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन तत्काल सफलता नहीं मिल पाई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे रुड़की स्थित सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया था। देर शाम मृतक के परिजन उसकी तलाश करते हुए इकबालपुर पुलिस चौकी पहुंचे। वहाँ दी गई जानकारी और हुलिए के आधार पर मृतक की शिनाख्त शीशराम 50 वर्ष पुत्र हरदेवा, निवासी ग्राम नगला कुबडा के रूप में हुई। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।जानकारी के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाला ट्रैक्टर चालक भी ग्राम देवपुर का ही निवासी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि इस मामले में अभी तक परिजनों की ओर से कोतवाली में कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच मामले को लेकर समझौते के प्रयास भी किए जा रहे हैं।





