झबरेड़ा 23 जून। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बिजली चोरी के खिलाफ अपने अभियान को तेज करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। आज, 23 जून 2026 को यूपीसीएल की एक संयुक्त विशेष टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान कुल 9 उपभोक्ताओं को सीधे तौर पर बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया।

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए झबरेड़ा एसडीओ मोहम्मद रिजवान ने बताया कि मंगलवार को कुल 9 लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।मानकपुर गांव में 3 लोग सीधे एलटी लाइन से कटिया डालकर अपने ट्यूबवेल चलाते हुए पकड़े गए। झबरेडी कला क्षेत्र में 2 लोग सीधे एलटी लाइन से अवैध रूप से ट्यूबवेल का संचालन कर रहे थे। झबरेड़ा में रविदास मंदिर के पास 4 लोगों को घरेलू इस्तेमाल के लिए सीधे मुख्य लाइन से बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया। विभागीय अधिकारियों ने साफ किया है कि यह चेकिंग अभियान रुकने वाला नहीं है और लगातार जारी रहेगा। इसके साथ ही, जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पूर्व में भारी बकाए के कारण काटे जा चुके हैं, उनकी दोबारा चेकिंग की जा रही है। यदि वे दोबारा बिना भुगतान के लाइन जोड़ते पाए गए, तो उनके खिलाफ आरसी काटने और सख्त कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यूपीसीएल टीम ने जनता से अपील की है कि वे अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल न करें। लगातार हो रही बिजली चोरी के कारण स्थानीय ट्रांसफार्मरों और मुख्य लाइनों पर ओवरलोड बढ़ रहा है। इससे न सिर्फ बार-बार ट्रिपिंग की समस्या हो रही है, बल्कि सरकारी संपत्ति और लाइनों के पूरी तरह डैमेज होने की संभावना भी काफी बढ़ गई है, जिसका खामियाजा ईमानदार उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ता है। बिजली चोरी चेकिंग अभियान का नेतृत्व एसडीओ लंढोरा गुलशन बुलानी द्वारा किया गया। टीम में मुख्य रूप से एसडीओ झबरेड़ा मोहम्मद रिजवान, एसडीओ मंगलौर अनुभव सैनी, जेई अशोक कुमार और जेई सतीश सैनी अपने-अपने क्षेत्र के लाइनमैनों और भारी विभागीय बल के साथ मौजूद रहे।





