झबरेड़ा, 24 जून। कस्बे के मोहल्ला बुडपूरियान में मंगलवार रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय पीड़ित परिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने अपनी रिश्तेदारी में गया हुआ था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कस्बा झबरेडा के मोहल्ला बुडपूरियान निवासी वसीम अहमद दो दिन पहले अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदारी में शादी में गए थे। उन्होंने मकान के मुख्य द्वार पर ताला लगाया हुआ था। मंगलवार की रात अज्ञात चोरों ने मुख्य गेट का ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया और कमरे में रखी अलमारी को खंगाल डाला। चोरों ने अलमारी से एक सोने की अंगूठी,एक सोने की चेन,पत्नी का लॉकेट,तीन जोड़ी चांदी की पाजेब और 10,000 की नकदी चोरी कर ले गए। चोरी की घटना का पता बुधवार को उस समय चला, जब पास में ही रहने वाले वसीम के भाई ने उनके मकान का मुख्य दरवाजा खुला देखा। अनहोनी की आशंका होने पर भाई ने तुरंत वसीम को फोन पर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वसीम अहमद परिवार सहित घर पहुंचे, तो अंदर अलमारी खुली पड़ी थी और सारा कीमती सामान व नकदी गायब थी। मामले की जानकारी देते हुए थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





