Oplus_16908288
झबरेड़ा, 27 मई। लक्ष्मी शुगर मिल इकबालपुर की मालकिन श्रेया साहनी और मिल प्रबंधन की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। कई राज्यों में धोखाधड़ी और मुकदमों का सामना कर रहीं मिल मालकिन श्रेया साहनी को आखिरकार गुजरात पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। श्रेया साहनी की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही उत्तराखंड की झबरेड़ा कोतवाली पुलिस भी सक्रिय हो गई है और मिल प्रबंधन के खिलाफ दर्ज पुराने मुकदमों की फाइलों को दोबारा खंगालना शुरू कर दिया है।

झबरेड़ा कोतवाली में मिल मालकिन श्रेया साहनी, महाप्रबंधक सुरेश शर्मा और मिल डायरेक्टर रमजान के खिलाफ पहले से ही कई गंभीर धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। मिल प्रबंधन के खिलाफ हालिया बड़ा मामला 4 फरवरी 2025 को दर्ज हुआ था। भगवानपुर थाने के ग्राम हाल्लूमाजरा निवासी हर्ष शर्मा ने झबरेड़ा कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि शुगर मिल मालकिन श्रेया साहनी, महाप्रबंधक सुरेश शर्मा और डायरेक्टर रमजान ने इकबालपुर शुगर मिल की जमीन का एक फर्जी एग्रीमेंट तैयार किया। इस जालसाजी के जरिये आरोपितो ने उनसे 9 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम हड़प ली। जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपितो ने उसके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए शुगर मिल के डायरेक्टर रमजान निवासी ग्राम उरदहाँ, कुशीनगर, यूपी हाल निवासी इकबालपुर को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज चुकी है। तथा इससे पूर्व वर्ष 2024 में ग्राम धर्मपुर निवासी पदम सिंह भाटी ने झबरेड़ा कोतवाली में लक्ष्मी शुगर मिल की मालकिन श्रेया साहनी और महाप्रबंधक सुरेश शर्मा के खिलाफ एक साथ तीन मुकदमे दर्ज कराए थे। पदम सिंह भाटी द्वारा दर्ज मुकदमों में निम्नलिखित गंभीर आरोप लगाए गए थे कि मिल प्रबंधन ने किसानों से झूठ बोलकर गन्ना खरीदा था कि उन्हें 14 दिनों के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन किसानों का पैसा हड़प लिया गया। जब पीड़ित किसानों ने मिल प्रबंधन से अपने गन्ने का हक और बकाया पैसे मांगे, तो उनके साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की गई।मिल प्रबंधन ने किसानों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात करते हुए, उन्हें बिना बताए और बिना उनकी सहमति के, किसानों की जमीन पर बैंक से भारी-भरकम लोन ले लिया।सीबीसीआईडी की जांच में आरोप सही पाए गए। मुकदमों के वादी पदम सिंह भाटी ने बताया कि उनके द्वारा दर्ज कराए गए तीनों मुकदमों की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई थी। सीबीसीआईडी की विस्तृत जांच में मिल मालकिन और प्रबंधन पर लगे सभी आरोप पूरी तरह सही पाए गए थे। झबरेड़ा कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि इकबालपुर शुगर मिल की मालकिन श्रेया साहनी और मिल प्रबंधन के कुछ अन्य अधिकारियों के खिलाफ कोतवाली में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में तीन से चार मुकदमे दर्ज हैं। हमें सूचना मिली है कि गुजरात पुलिस द्वारा श्रेया साहनी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। स्थानीय पुलिस भी इन मुकदमों में कानूनन आवश्यक कदम उठाने के लिए फाइलों और कानूनी पहलुओं का बारीकी से अध्ययन कर रही है।इस गिरफ्तारी के बाद इकबालपुर शुगर मिल प्रबंधन में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र के पीड़ित किसानों और व्यापारियों में न्याय की आस जगी है।





