Oplus_16908288
झबरेड़ा 27 मई। ग्राम भक्तोंवाली में कांग्रेस सेवा दल की एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश सचिव सुलेमान मलिक ने आगामी बकरीद के त्योहार के मद्देनजर केंद्र की भाजपा सरकार से एक बड़ी मांग की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को अविलंब ‘गाय’ को राष्ट्रीय पशु घोषित करना चाहिए ताकि उनकी सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जा सके। बैठक में मौजूद सभी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने हाथ उठाकर इस मांग का पुरजोर समर्थन किया।

बुधवार को बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश सचिव सुलेमान मलिक ने कहा कि कांग्रेस सेवा दल हमेशा से ही गोकशी के खिलाफ रहा है और इसके विरुद्ध आवाज उठाता आया है। उन्होंने कहा गौ माता आज से नहीं, बल्कि हमारे देश में प्राचीन काल से ही अत्यंत पूजनीय रही हैं। करीब 25 वर्ष पहले तक किसान और मजदूर परिवारों में गाय, भैंस और बैलों को बड़े पैमाने पर पाला जाता था। घरों में दूध, घी, मक्खन और छाछ की कोई कमी नहीं होती थी। जिन परिवारों के पास गाय नहीं होती थी, वे पड़ोस से छाछ मांगकर अपना काम चलाते थे। उस दौर में ग्रामीण अर्थव्यवस्था पूरी तरह गाय के दूध पर टिकी थी। सुलेमान मलिक ने बदलते दौर की चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जमीनों के बंटवारे के कारण अब किसान छोटे और मध्यम वर्ग में सिमट गए हैं। मजदूर न मिलने और महंगी मजदूरी के कारण आज आम आदमी के लिए पशुपालन करना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि अब लोगों का रुझान खेती से कम हो रहा है और कृषि लाभ का सौदा नहीं रह गई है। यही वजह है कि किसानों की नई पीढ़ी खेती से दूर होती जा रही है। पहले गाय के गोबर से खेतों को प्राकृतिक खाद कंपोस्ट मिलती थी, जिससे फसलों की पैदावार बेहतरीन होती थी। लेकिन आज पशुओं की संख्या घटने से जैविक खाद की भारी कमी हो गई है और कई छोटे किसानों के घर में एक भी पशु नहीं बचा है। बैठक में शमशाद अहमद, रिहान कुरैशी, सावेज मलिक, शौकीन, आदिल, वसीम अहमद, विपिन कुमार, आकाश, प्रदीप, सोनू अंसारी, मुस्लिम, लैविश और जमशेद सहित भारी संख्या में कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।





