Oplus_19005440
झबरेडा 27 मई। नगर पंचायत प्रशासन ने कस्बे को जाम और अवैध कब्जों से मुक्ति दिलाने के लिए अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने कस्बे के मुख्य मार्ग और मेन बाजार में सघन अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई से बाजार के दुकानदारों और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया।

बुधवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने मुख्य बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान चार दुकानदारों को सार्वजनिक मार्ग पर अवैध रूप से अतिक्रमण करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। नियमों का उल्लंघन करने पर इन चारों के खिलाफ तत्काल चालानी कार्रवाई की गई और भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की सख्त चेतावनी दी गई।कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के विरोध की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। इस अभियान में नगर पंचायत टीम के साथ मुख्य रूप से ओमपाल सिंह, तरुण सैनी, ज़ुल्फ़ान अली और पुलिस विभाग के आला अधिकारी शामिल रहे। अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने कहा कि कस्बे की जनता को जाम की समस्या से निजात दिलाना हमारी प्राथमिकता है। मुख्य मार्गों और बाजारों में किसी भी कीमत पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भी कोई दुकानदार सड़क पर सामान रखकर रास्ता बाधित करता पाया गया, तो उसका चालान काटने के साथ-साथ सामान जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई के बाद से मुख्य बाजार का मार्ग काफी साफ और खुला नजर आया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों ने राहत की सांस ली है। नगर पंचायत ने साफ संकेत दे दिए हैं कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





