
झबरेड़ा 15 अप्रैल। लखनौता-देवबंद मार्ग पर ग्राम गोकुलपुर के पास एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार दो युवक घायल हो गए, जिनमें से एक के सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना के बाद कार चालक मौके से भागने में सफल रहा।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के देवबंद जिला सहारनपुर निवासी रवीश कुमार अपने दोस्त नवीन के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी पर सवार होकर रुड़की जा रहे थे। जैसे ही वे ग्राम गोकुलपुर के पास पहुँचे, पीछे से आ रही एक अनियंत्रित कार ने उन्हें ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान स्कूटी कार की चपेट में आ गई और दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायलों को पास के एक डॉक्टर के पास पहुँचाया और उनके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुँचे। नवीन के सिर में गहरी चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। स्थिति को देखते हुए परिजन दोनों घायलों को इलाज के लिए मुजफ्फरनगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए हैं। वहीं टक्कर मारने के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। फिलहाल पुलिस को इस मामले में कोई जानकारी नहीं है तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




