झबरेड़ा 15 अप्रैल। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा बुधवार को घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में कस्बा झबरेड़ा स्थित चरत निकेतन विश्व भारती सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल का दबदबा रहा। स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न केवल संस्थान का नाम रोशन किया, बल्कि क्षेत्र को भी गौरवान्वित किया है।

बुधवार को विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष भी परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। विद्यालय के मेधावी छात्र अविराज अवाना ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए 91.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, छात्रा निहारिका धीमान ने 90.6 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक योग्यता का परिचय दिया। अन्य छात्र-छात्राओं ने भी श्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए सम्मानजनक अंक प्राप्त किए हैं, जिससे विद्यालय और अभिभावकों में खुशी की लहर है। इस उपलब्धि पर स्कूल के चेयरमैन चौधरी कुलबीर सिंह ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मिठाई खिलाकर बच्चों की सफलता का जश्न मनाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में इतना उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। चेयरमैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह तो अभी शुरुआत है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित किया कि वे भविष्य में भी इसी तरह मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई जारी रखें ताकि वे देश और समाज के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखा गया। शिक्षकों ने भी बच्चों को बधाई देते हुए उनके निरंतर आगे बढ़ने की कामना की।





