Oplus_16908288
झबरेड़ा 1 मई। सोशल मीडिया पर बहुजन समाज के नेताओं और विशेष समुदाय के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का मामला गरमाता जा रहा है। भीम आर्मी भारत एकता मिशन के प्रदेश महासचिव सुशील पाटिल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कोतवाली झबरेड़ा में तहरीर देकर आरोपित के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

भीम आर्मी के प्रदेश महासचिव सुशील पाटिल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 29 अप्रैल को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। आरोप है कि बजरंग वाहिनी दल के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज कुमार ने एक वीडियो जारी कर नगीना सांसद एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष आजाद समाज पार्टी महक सिंह के खिलाफ अत्यंत अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है।तहरीर में कहा गया है कि उक्त व्यक्ति ने न केवल नेताओं को गाली-गलौज दी, बल्कि संपूर्ण बहुजन समाज और मुस्लिम समाज को टारगेट करते हुए गंदी गालियां दीं। इस वीडियो के सामने आने के बाद बहुजन समाज के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि इस तरह की बयानबाजी से सामाजिक सौहार्द बिगड़ने का खतरा है और इससे समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। सुशील पाटिल ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आरोपित मनोज कुमार के खिलाफ तत्काल संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्यवाही की जाए। इस दौरान अनुराग, तालिब, आनंद कुमार, अमरीश कुमार, काका मलिक, शकीन मलिक, सोनू कुमार, फिरोज अहमद, सोनू, विवेक नौरियाल, आशु कुमार, सत्यम कुमार, अमरीश, आकाश कुमार, अनूप कुमार और विश्वास आदि कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।





