Oplus_16908288
झबरेडा 17 मई। “चुनाव खत्म, वसूली शुरू” भाजपा का पुराना चरित्र रहा है। राज्यों के विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं के दामों में की गई बढ़ोतरी इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। यह तीखा हमला उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश महासचिव और भगवानपुर विधानसभा प्रभारी विकास त्यागी ने ग्राम खजुरी में आयोजित एक सांगठनिक बैठक के दौरान केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर बोला।

विकास त्यागी ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान वोट बैंक को साधने के लिए सरकार ने चालाकी से कीमतें स्थिर रखी थीं, लेकिन जैसे ही चुनाव बीते, आम जनता पर महंगाई का भारी बोझ डाल दिया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी कदम का पुरजोर विरोध करती है और जनता के बीच जाकर भाजपा की इस क्रूर रणनीति का पर्दाफाश करेगी। कांग्रेस नेता विकास त्यागी ने वैश्विक बाजार के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि जब भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें कम होती हैं, उसका फायदा आम उपभोक्ताओं को देने के बजाय सरकार टैक्स बढ़ाकर अपनी तिजोरियां भरती है। उन्होंने इसे सीधे तौर पर जनता की जेब पर डाका करार दिया। बैठक में मौजूद पूर्व जिला पंचायत सदस्य मुल्कीराज सैनी ने सरकार से पुरजोर मांग करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल को तुरंत जीएसटी के दायरे में लाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा”अगर सरकार सच में जनता को राहत देना चाहती है, तो वह पेट्रोल-डीजल को जीएसटी के अंतर्गत क्यों नहीं लाती? जीएसटी के दायरे में आने से पूरे देश में ईंधन की कीमतें काफी हद तक कम और स्थिर हो जाएंगी, जिससे हर वर्ग को बड़ी राहत मिलेगी। यूथ कांग्रेस कमेटी रुड़की के महामंत्री हार्दिक त्यागी ने कहा कि ईंधन महंगा होने से सब्जी, राशन और हर जरूरत की चीज महंगी हो चुकी है। सरकार इस महंगाई को कॉर्पोरेट हितों या पश्चिम एशिया के तनाव जैसे वैश्विक संकटों के चश्मे से दिखाना बंद करे। यह कोई वैश्विक समस्या नहीं, बल्कि सरकार की गलत नीतियां हैं। कांग्रेस इस लड़ाई को सीधे ‘आम आदमी की जेब और थाली’ से जोड़कर सड़क से सदन तक लड़ेगी। यूथ कांग्रेस ने सरकार को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि बढ़ी हुई कीमतें तुरंत वापस नहीं ली गईं, तो पार्टी जनता के हक के लिए उग्र आंदोलन करने पर बाध्य होगी। इस अवसर पर मुख्य रूप से विश्वजीत पवार, सौरभ त्यागी, विक्रांत पुंडीर, विनय कुमार सैनी, मनोज शर्मा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





