Oplus_16908288
झबरेड़ा 24 मई। आगामी त्योहार ईद-उल-अजहा को क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था के साथ संपन्न कराने के लिए झबरेड़ा कोतवाली में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्राधिकार ने की। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और दोनों समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया।

क्षेत्राधिकार अभिनय चौधरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी त्योहार हमें आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने अपील की कि आगामी बकरा ईद के त्योहार को सभी लोग मिल-जुलकर पारंपरिक और शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी।बैठक के दौरान कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने सुरक्षा और स्वच्छता को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए। किसी भी सार्वजनिक स्थान, सड़क या खुले में कुर्बानी नहीं दी जाएगी। इसके लिए निर्धारित या निजी स्थानों का ही उपयोग करें।कानूनन प्रतिबंधित किसी भी पशु की कुर्बानी पूरी तरह वर्जित है। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कुर्बानी के बाद अवशेषों को खुले में न फेंकें। उन्हें गड्ढा खोदकर दबाएं ताकि बीमारी न फैले और गंदगी न हो। सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ या सांप्रदायिक पोस्ट साझा न करें। अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले शरारती तत्वों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। कोतवाली प्रभारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि नजर आए, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। बैठक में उपस्थित क्षेत्र के लोगों ने पुलिस प्रशासन को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया। इस अवसर पर क्षेत्र के ग्राम प्रधान, सभासद, सामाजिक कार्यकर्ता और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





