झबरेडा 18अप्रैल। कस्बे के इकबालपुर मार्ग स्थित चौहराए पर अज्ञात चोरों ने एक हलवाई की दुकान में पीछे से नकब लगाकर नकदी सहित हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया।ग्राम खजुरी चौराहा पर कांग्रेस प्रदेश महामंत्री विकास त्यागी की दुकानें स्थित हैं। इन दुकानों में से दो दुकानों में खजुरी निवासी पंजाब सिंह व विक्की सिंह ‘मिष्ठान भंडार’ के नाम से हलवाई का काम करते हैं। शुक्रवार रात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाई और अंदर घुस गए। दुकान स्वामी के अनुसार, चोरों ने दुकान के गल्ले में रखी ₹5,000 की नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया। शनिवार सुबह जब दुकान खोली गई, तब चोरी की इस घटना का पता चला। घटना के संबंध में पीड़ित पंजाब सिंह ने झबरेड़ा थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है। इकबालपुर चौकी इंचार्ज योगेश कुमार का कहना है किमामले की जानकारी मिली है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है, जल्द ही मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।






