झबरेडा 16 जून। इकबालपुर रेलवे फाटक के पास मंगलवार अलसुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भेज दिया है।

इकबालपुर पुलिस चौकी इंचार्ज योगेश कुमार ने बताया कि मंगलवार सुबह लगभग 5:00 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर रेल पटरी के पास एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों की मदद से मृतक की शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान अनुज उम्र लगभग 30 वर्ष, पुत्र पप्पू सिंह, निवासी ग्राम कुंजा बहादुरपुर, थाना भगवानपुर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा घटना की जानकारी तुरंत मृतक के परिजनों को दी गई, जिसके बाद रोते-बिलखते परिजन कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए। इस हादसे ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ कर रख दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक अनुज के परिवार में उसकी एक बड़ी बहन है, जो शादीशुदा है। अनुज की मां का देहांत पहले ही कोरोना काल के दौरान हो चुका था। घर में अनुज ही अपने पिता का एकमात्र सहारा और इकलौता बेटा था। इकलौते जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही पिता का रो-रोकर बुरा हाल है और सदमे के कारण उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद से पीड़ित परिवार में अब सिर्फ वृद्ध पिता ही अकेले बचे हैं। जवान मौत की इस खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।





