Oplus_16908288
झबरेड़ा, 24 अगस्त। विद्युत चोरी की शिकायतों के बाद यूपीसीएल की विजिलेंस टीम ने झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम कोटवाल आलमपुर, शेरपुर खेलमऊ और लखनोता में सघन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान विद्युत चोरी के मामले सामने आने पर कुल 38 ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

सोमवार को चेकिंग अभियान में झबरेड़ा के एसडीओ मोहम्मद रिजवान के साथ विजिलेंस टीम के एसडीओ धनंजय, अनिल, विकास, अजय सेमवाल, इंस्पेक्टर मारुतशाह तथा सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी पुलिस व विभागीय कर्मचारियों के साथ मौजूद रहे। टीम ने घरों और विद्युत कनेक्शनों की जांच करते हुए विद्युत चोरी के मामलों को पकड़ा। एसडीओ मोहम्मद रिजवान ने बताया कि विद्युत चोरी की शिकायतों के आधार पर विजिलेंस टीम झबरेड़ा क्षेत्र में पहुंची थी। सोमवार को कुल 38 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी रोकने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन पूर्व में बकाया बिल के चलते काटे जा चुके हैं, उनके खिलाफ आरसी जारी करने के साथ दोबारा चेकिंग की कार्रवाई भी की जा रही है। लगातार हो रही विद्युत चोरी से ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है, जिससे लाइन और ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने की संभावना बढ़ जाती है। ऊर्जा निगम ने लोगों से अवैध रूप से बिजली का उपयोग न करने और वैध कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का इस्तेमाल करने की अपील की है।





