Oplus_19005440
झबरेड़ा, 23 अगस्त। संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती के अवसर पर रविवार को झबरेड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संत शिरोमणि गुरु रविदास की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद कलश वंदन यात्रा कार्यक्रम स्थल से कस्बा स्थित रविदास मंदिर तक निकाली गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक एवं समाज कल्याण कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास ने समाज में ऊंच-नीच का भेदभाव समाप्त कर सभी को एक साथ लेकर चलने का संदेश दिया था। उनके जीवन और विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में एकजुटता और भाईचारा बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास का संदेश था कि मन चंगा तो कठौती में गंगा। हमें भी अपने मन को साफ रखते हुए एक-दूसरे के प्रति सद्भावना रखनी चाहिए और सभी को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प भी सबका साथ, सबका विकास है। कलश वंदन यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने गुरु रविदास के जयकारे लगाए। यात्रा के रविदास मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर गुरु रविदास के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बलजीत भुजरिया, देशराज कर्णवाल, वैजयंती माला, महंत राजकुमार दास, हरपाल साथी, आदित्य बृजवाल, अमीलाल वाल्मीकि ,जितेंद्र कुमार, भागमल, आदेश सैनी, राकेश गिरी, डॉ. मधु चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।





