झबरेडा 26 मई। बिजली चोरी के खिलाफ ऊर्जा निगम ने कमर कस ली है। उपखंड झबरेड़ा क्षेत्र के अंतर्गत ऊर्जा निगम की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह दो गाँवों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान एक दर्जन उपभोक्ताओं को अवैध रूप से कटिया डालकर बिजली चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। विभाग ने सभी आरोपितो के खिलाफ पुलिस में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

झबरेड़ा विद्युत उपखंड के एसडीओ रिजवान अली ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि बिजली चोरी पर लगाम लगाने के लिए एक संयुक्त रणनीति बनाई गई थी। इसके तहत मंगलौर, लंढौरा और झबरेड़ा की टीमों को मिलाकर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। मंगलवार सुबह करीब 7:00 बजे इस संयुक्त टीम ने अचानक उपखंड क्षेत्र के दो गाँव नगला कुबड़ा और अकबरपुर झोझा में एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। एसडीओ रिजवान अली ने बताया कि छापेमारी के दौरान 12 उपभोक्ता सीधे मुख्य लाइन पर अवैध रूप से केबल डालकर बिजली चोरी करते हुए पाए गए। इसके अलावा, चेकिंग के दौरान एक उपभोक्ता का बिजली मीटर भी ‘नो डिस्प्ले’ पाया गया, जिसमें गड़बड़ी की आशंका है। टीम ने मौके पर ही सभी आरोपित उपभोक्ताओं के अवैध विद्युत केबल जब्त कर लिए हैं। साथ ही, इन सभी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए झबरेडा कोतवाली में लिखित तहरीर दे दी गई है। बिजली अधिकारियों ने सख्त लहजे में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में बिजली चोरी को रोकने के लिए ऊर्जा निगम की यह संयुक्त छापेमारी आगे भी लगातार जारी रहेगी। इसके साथ ही, एसडीओ ने आम जनता से अपील की है कि गर्मी के इस मौसम में पीक आवर्स के दौरान कम से कम लोड वाले उपकरणों का संचालन करें।बिजली का दुरुपयोग न करें ताकि सभी क्षेत्रों में सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति की जा सके।





