झबरेड़ा 26 मई। इकबालपुर मार्ग स्थित अमर जवान चौक के समीप बना सार्वजनिक शौचालय देखरेख के अभाव में बदहाली के आंसू बहा रहा है। नियमित साफ-सफाई और पानी की व्यवस्था न होने से चारों तरफ भयंकर दुर्गंध फैली है, जिससे राहगीरों का पैदल निकलना भी दूभर हो गया है।

स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर मौके की स्थिति को ठीक करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि गंदगी के कारण मच्छर-मक्खियों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे डेंगू, मलेरिया और हैजा जैसी संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। इसके अलावा आस-पास के व्यापारियों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। स्थानीय जनता ने अधिशासी अधिकारी से मांग की है कि जन-स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सफाई कर्मियों की नियमित ड्यूटी लगाई जाए और कीटनाशक व ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराकर समस्या का तुरंत समाधान किया जाए। नगर पंचायत अतिशिशासी अधिकारी हर्षवर्धन सिंह रावत ने बताया कि सार्वजनिक शौचालय को नोटिफाई किया गया है जिसका टेंडर भी हो चुका है जल्द ही सार्वजनिक शौचालय का नवीनीकरण किया जाएगा। वैसे लगातार उनके सफाई कर्मचारियों द्वारा शौचालय की सफाई की जा रही है।





