Oplus_16908288
झबरेड़ा 15 सितम्बर। नगर पंचायत झबरेड़ा में नगर पंचायत अध्यक्ष की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में कस्बे के चहुंमुखी विकास, स्थानीय नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के समाधान तथा विभिन्न विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान करीब दो करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।

मंगलवार को नगर पंचायत में आयोजित बोर्ड बैठक में सभासदों और अधिकारियों के बीच कस्बे में साफ-सफाई व्यवस्था, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था समेत अन्य जनसमस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श हुआ। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में झबरेड़ा को आधुनिक और सुविधायुक्त नगर बनाने के उद्देश्य से लगभग दो करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्ताव रखे गए। सभासदों की सहमति के बाद इन प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य रूप से कस्बे के प्रमुख मार्गों और आंतरिक गलियों की मरम्मत, नालियों की व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्य शामिल हैं। बैठक में नगर क्षेत्र में जलभराव और साफ-सफाई जैसी समस्याओं को लेकर भी चर्चा हुई। सभासदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याएं बोर्ड के समक्ष रखीं और उनके शीघ्र निस्तारण की मांग की। अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में कस्बे की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब हैं या पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं है, वहां नई स्ट्रीट लाइट लगाने तथा खराब लाइटों को दुरुस्त कराने का निर्णय लिया गया। इससे रात के समय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ ही प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर रोशनी की बेहतर व्यवस्था हो सकेगी। अध्यक्ष ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। स्वीकृत कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा तथा विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। बैठक में अन्य समसामयिक मुद्दों तथा नगर पंचायत की आय बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। अध्यक्ष ने अधिकारियों और कर्मचारियों से नगर पंचायत की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने तथा नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करने को कहा। इस अवसर पर विधायक वीरेंद्र जाती डॉक्टर जोध सिंह शुभम गोयल राजेंद्र गोयल मुकेश कश्यप इंद्रेश मोती जसबीर रोशन वाल्मीकि नीतीश सिंघल खुशी वाल्मीकि रेनू सैनी शारदा प्रवीण नीरज रानी आदि मौजूद रहे।





