Oplus_16908288
झबरेड़ा 24 जुलाई। कस्बे के मोहल्ला बंजारान के पास ऊर्जा निगम की बड़ी लापरवाही से नाली के पास लगे लोहे के विद्युत पोल में करंट उतरने से नाली के पानी में बैठे दो कुत्तों की मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय निवासियों में ऊर्जा निगम के प्रति भारी आक्रोश व्याप्त है।

कस्बा झबरेडा के मोहल्ला बंजारान के पास जल निकासी के लिए बनाई गई नाली के बिल्कुल पास लोहे का एक विद्युत पोल लगा हुआ है। शुक्रवार को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए दो कुत्ते नाली के ठंडे पानी में जा बैठे। इसी दौरान लोहे के पोल में अचानक बिजली का करंट आ गया, जो देखते ही देखते नाली के पानी में फैल गया। करंट की चपेट में आने से दोनों कुत्तों की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर एकत्र हो गए। मोहल्ला निवासी जमशेद मलिक, शमशाद, रामपाल सिंह, यशवीर सिंह और कुलदीप आदि ने तुरंत पहल करते हुए बिजली सप्लाई बंद करवाई। इसके बाद पर्यावरण मित्रों की मदद से मृत कुत्तों को नाली से बाहर निकालकर कस्बे से दूर गड्ढा खोदकर दबाया गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि जल निकासी वाली नाली की जड़ में लगे इस लोहे के पोल को हटाने के लिए ऊर्जा निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन विभाग ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। यदि समय रहते पोल हटाया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। लोगों ने आशंका जताई कि इस लापरवाही से भविष्य में कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है। मामले में कस्बे के विद्युत सब-स्टेशन पर कार्यरत अवर अभियंता अशोक कुमार ने बताया कि कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में लगे लोहे के विद्युत पोलों में सुरक्षा के लिहाज से प्लास्टिक की पन्नी बंधवाने का कार्य कराया जा रहा है, ताकि करंट फैलने का खतरा न रहे।





