
झबरेड़ा 8 मई। कस्बा के स्कूल में ‘मातृ दिवस’ के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जहाँ अपनी माताओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया, वहीं पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

शुक्रवार को कस्बा झबरेडा स्थित एम्बिशन पब्लिक स्कूल में मातृ दिवस’ के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक एवं पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा से हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने माताओं को समर्पित भावपूर्ण और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए। किंडरगार्टन से लेकर कक्षा 8 तक के बच्चों ने अपनी रचनात्मकता का परिचय देते हुए अपनी माताओं के लिए ग्रीटिंग कार्ड, क्राउन, ब्रेसलेट और आकर्षक गुलदस्ते तैयार किए। इस वर्ष स्कूल ने मातृ दिवस को पर्यावरण के साथ जोड़ते हुए एक नई पहल की। कक्षा 7 के विद्यार्थियों ने “धरती हमारी माँ है” विषय पर सुंदर बैनर बनाए और वृक्षारोपण का संदेश दिया। छात्र आरुष, वैष्णवी, मानवी, सना और उनकी टीम ने झबरेड़ा क्षेत्र में एक जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने स्थानीय निवासियों को जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों के बारे में बताया और उन्हें अधिक से अधिक पेड़ लगाने के लिए प्रेरित किया। स्कूल प्रबंधक विश्वास सिंह पंवार ने बच्चों को माता-पिता के प्रति उनके कर्तव्यों की याद दिलाई और उन्हें सदैव अपने बड़ों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। स्कूल निदेशक सोनम रॉस पंवार ने कहा, माँ ईश्वर का साक्षात् रूप है। जिस प्रकार एक माँ हमारा पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार प्रकृति भी हमारी माँ है और उसका संरक्षण करना हम सभी का परम कर्तव्य है। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा पर्यावरण बचाने और मातृ शक्ति का सम्मान करने की शपथ के साथ हुआ।





