झबरेड़ा 29 मई। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे नामजद आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है।

कोतवाली झबरेड़ा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बीते 15 मई को फारूक निवासी ग्राम बिझौली, कोतवाली मंगलौर, हरिद्वार ने झबरेड़ा थाने में एक तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि उसकी बहन रिहाना को उसके पति सत्तार और अन्य ससुराल वालों ने जहर देकर मार डाला है। भाई की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक टीम का गठन किया गया था। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चेकिंग के दौरान नामजद आरोपित सत्तार निवासी ग्राम अकबरपुर झौझा, कोतवाली झबरेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। तथा कोतवाली लाकर कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस टीम में मुख्य रूप से प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सतेन्द्र भंडारी, कांस्टेबल बसंत कुमार और होमगार्ड अंकित कुमार शामिल रहे।





