Oplus_16908288
झबरेडा 3 जून। पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, लाठरदेवाहूण नारसन के प्रांगण में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ‘पुनीत सागर अभियान’ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम 84 उत्तराखंड वाहिनी राष्ट्रीय कैडेट कोर, रुड़की के तत्वाधान में और भारतीय वन विभाग के सहयोग से पर्यावरण एवं मौसम संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।

बुधवार को कार्यक्रम 84 उत्तराखंड वाहिनी राष्ट्रीय कैडेट कोर, रुड़की के कमान अधिकारी कर्नल जगदीश अन्नमालिया के कुशल मार्गदर्शन एवं सीनियर ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर रवि कपूर के नेतृत्व में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के एनसीसी कैडेट्स ने सेकंड ऑफिसर सुशील कुमार के दिशानिर्देशन में विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया। इस अवसर पर कैडेट्स ने स्थानीय क्षेत्र वासियों से प्रकृति के संतुलन को बनाए रखने के लिए जीवन में कम से कम एक पेड़ ज़रूर लगाने का पुरज़ोर आवाहन किया।कार्यक्रम संयोजक और एनसीसी अधिकारी सुशील कुमार ने कैडेट्स को पर्यावरण की महत्ता समझाते हुए कहा कि पेड़ लगाना पर्यावरण, स्वास्थ्य और मानव जीवन के लिए अमृत के समान है। पेड़ हमें न सिर्फ शुद्ध ऑक्सीजन और फल देते हैं, बल्कि मिट्टी के कटाव को रोककर बाढ़ जैसी आपदाओं से भी बचाते हैं। ग्लोबल वार्मिंग के इस दौर में पेड़ लगाने से न केवल पर्यावरण का तापमान कम होता है, बल्कि यह हमें मानसिक शांति भी प्रदान करता है। इस दौरान विद्यालय स्टाफ और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान दिनेश सिंह, आलोक कुमार द्विवेदी, राकेश कुमार और सुषमा आदि ने उपस्थित रहकर अपना सक्रिय सहयोग दिया। कार्यक्रम के समापन पर पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज लाठरदेवाहूण नारसन के प्रधानाचार्य चंद्रपाल सिंह ने कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए एनसीसी टीम, वन विभाग और उपस्थित सभी सहयोगियों व कैडेट्स का आभार व्यक्त किया।





