Oplus_16908288
झबरेडा 2 जून। क्षेत्र की बेटियों ने एक बार फिर कामयाबी का परचम लहराकर पूरे इलाके का नाम रोशन किया है। कस्बे के पास स्थित ग्राम सढोली की बेटी काजल सैनी का चयन एसडीएम के पद पर और ग्राम झबरेडी कला की स्वाति चौधरी का चयन खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर होने से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। मंगलवार को सुबह से ही दोनों बेटियों के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।

कस्बा झबरेडा के ग्राम पंचायत सढोली निवासी काजल सैनी बेहद साधारण परिवार से ताल्लुक रखती हैं और वर्तमान में देहरादून में सहायक समीक्षा अधिकारी के पद पर तैनात हैं। काजल के पिता रामकुमार सैनी गांव में ही रहकर डॉक्टरी करते हैं और साथ ही अपनी दो एकड़ कृषि भूमि पर खेती-बाड़ी भी संभालते हैं। उनकी माता आंगनवाड़ी कार्यकत्री हैं, जबकि भाई गुरमीत सिंह अभी पढ़ाई कर रहा है। काजल ने अपनी सफलता के बारे में बात करते हुए बताया कि मेरा सपना हमेशा से देश और समाज की सेवा करने का था। मैं पिछले 9 वर्षों से लगातार इसके लिए तैयारी कर रही थी। दूसरे प्रयास में मुझे यह सफलता मिली है। इसका पूरा श्रेय मेरे माता-पिता को जाता है, जिन्होंने हर परिस्थिति में मेरा हौसला बढ़ाया और पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। कक्षा 6 से इंटर तक की पढ़ाई राजीव गांधी नवोदय विद्यालय, शिकारपुर लंढौरा उच्च शिक्षा बीएएमएस, गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार और वर्तमान में सहायक समीक्षा अधिकारी, देहरादून है। वहीं खुशी का यह माहौल केवल सढोली तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि पास के ही ग्राम झबरेडी कला में भी जश्न का माहौल है। यहाँ के निवासी केहर सिंह की पुत्री स्वाति चौधरी का चयन खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर हुआ है। स्वाति की इस उपलब्धि से उनके परिवार और पूरे गांव में भारी उत्साह है। मंगलवार सुबह से ही दोनों बेटियों के घर पर क्षेत्रीय जन प्रतिनिधि दर्जाधारी राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र जाती सहित अन्य जन प्रतिनिधि व गणमान्य नागरिकों और ग्रामीणों का आना-जाना लगा रहा। लोगों ने मिठाई बांटकर और फूल-मालाएं पहनाकर बेटियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। ग्रामीणों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन बेटियों ने जो मुकाम हासिल किया है, वह क्षेत्र के अन्य बच्चों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।





