झबरेड़ा 29 मई। कस्बा क्षेत्र के ग्राम में ईद-उल-अजहा बकरीद के मौके पर पशुओं के अवशेष सड़क पर फेंकने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर गाली-गलौज और लाठी-डंडे चल गए। इस हिंसक झड़प में दो महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए, जबकि बीच-बचाव करने पहुंचा पुलिस का एक सिपाही भी चोटिल हो गया। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर 12 नामजद व अन्य लोगों के खिलाफ बलवा सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

कोतवाली झबरेड़ा क्षेत्र के ग्राम कोटवाल आलमपुर निवासी शमा परवीन द्वारा कोतवाली में दी गई तहरीर के अनुसार, गुरुवार दोपहर को गांव के ही कुछ लोगों द्वारा पशुओं के अवशेष खुलेआम सड़क पर डाल दिए गए थे। जब उनके परिवार ने इसका विरोध किया, तो दूसरे पक्ष के लोग आगबबूला हो गए। आरोप है कि गांव के ही फैजान, बालू, अहमद, गुलशन, शमशेर अली और वली मोहम्मद सहित लगभग 12 लोगों ने लामबंद होकर लाठी-डंडों से पीड़ित परिवार पर हमला बोल दिया। इस हमले में शौकीन और दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों द्वारा मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जब पुलिसकर्मी दोनों पक्षों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने और बीच-बचाव करने का प्रयास कर रहे थे, तभी उपद्रवियों की वजह से एक पुलिस सिपाही भी घायल हो गया था। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि शमा परवीन की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितो के खिलाफ बलवा सहित अन्य संबंधित कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और आरोपितो की धरपकड़ के प्रयास किए जा रहे हैं।





