झबरेडा 12 मई। कस्बे में एटीएम बदलकर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। ताजा मामले में झबरेड़ा स्थित एक एटीएम पर शातिरों ने मदद के बहाने एक व्यक्ति का कार्ड बदलकर उसकी पत्नी के खाते से 14 हजार रुपए साफ कर दिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

कस्बा झबरेड़ा के मोहल्ला हरिजनान निवासी अजब सिंह जो क्षेत्र के गांव लाठरदेवा हून स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। अजब सिंह ने बताया कि 7 मई को उनकी सैलरी आई थी, जिसे उन्होंने अपनी पत्नी ललिता देवी के खाते में ट्रांसफर कर दिया था। 10 मई को जब वह घर के खर्च के लिए कस्बे के झबरेड़ा स्थित भक्तोंवाली शाखा पीएनबी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गए, तो तकनीकी कारणों से पैसे नहीं निकल रहे थे। इसी दौरान उनके पीछे खड़े दो अनजान युवकों ने मदद की पेशकश की और चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। शातिरों के वहां से जाने के कुछ ही देर बाद अजब सिंह के पास मोबाइल पर मैसेज आए, जिससे उनके होश उड़ गए। ठगों ने एटीएम का प्रयोग कर दो बार में कुल 14,000 रुपए एक बार 4,000 और दूसरी बार 10,000 निकाल लिए थे। ठगी का अहसास होते ही पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मामले में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपितो की पहचान की जा सके। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि एटीएम के अंदर किसी भी अनजान व्यक्ति से मदद न लें। अपना पिन दर्ज करते समय की पैड को हाथ से ढंक लें।





