झबरेड़ा, 13 अगस्त। कोतवाली क्षेत्र स्थित एक ईंट भट्ठा मालिक के बैंक खाते में बैंक कर्मचारी की गलती से आठ लाख रुपये अतिरिक्त पहुंच गए। बैंक प्रबंधक द्वारा जानकारी होने पर भट्ठा मालिक से संपर्क कर रकम वापस करने को कहा गया, लेकिन उसने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। इसके बाद बैंक प्रबंधक ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

भलस्वागाज स्टेट बैंक प्रबंधक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के एक ईंट भट्ठा मालिक द्वारा भट्ठे के लिए बैंक से क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढवाई जा रहा थी। ऋण की रकम खाते में भेजते समय बैंक कैशियर की गलती से आठ लाख रुपये अतिरिक्त भट्ठा मालिक के खाते में चले गए। बैंक को गलती का पता चलने पर प्रबंधक ने भट्ठा मालिक से संपर्क कर अतिरिक्त रकम वापस करने को कहा। आरोप है कि भट्ठा मालिक ने रकम वापस करने से इनकार कर दिया। इसके बाद बैंक प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर भट्ठा मालिक को थाने बुलाया गया है। पूछताछ और जांच के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।





