Oplus_19005440
झबरेड़ा 5 जून। स्वास्थ्य विभाग की पीसीपीएनडीटी टीम ने दो अल्ट्रासाउंड केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान झबरेड़ा के एक अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट नहीं मिलने पर अल्ट्रसाउंड मशीन सील कर दी गई।

टीम के प्रदेश के नोडल अधिकारी डा. आइसी बिष्ट, कार्यक्रम अधिकारी डा. ओमा रावत, जनपद के नोडल अधिकारी अपर चिकित्साधिकारी डा. अनिल वर्मा व तहसीलदार विकास अवस्थी ने टीम मुख्य के साथ शुक्रवार को झबरेड़ा के प्रज्ञा अस्पताल के अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान मशीन खुली हुई थी, जबकि वहां पर कोई रेडियोलाजिस्ट नहीं मिला। इसके अलावा अल्ट्रासाउंड से संबंधित दस्तावेज का रखरखाव भी ठीक नहीं मिला। फार्म एफ के संबंध में भी अनियमितता पाई गई। जिसके बाद अल्ट्रासाउंड मशीन को सील कर दिया। इससे पहले टीम ने मंगलौर क्षेत्र के एक अल्ट्रासाउंड केंद्र का भी निरीक्षण किया। हालांकि यहां पर चिकित्सक मौजूद थे। इसके अलावा अन्य व्यवस्थाएं भी ठीक पाई गईं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अनिल वर्मा ने बताया कि शिकायतों के आधार पर झबरेड़ा स्थित अस्पताल के अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया गया था। इस संबंध में अपर मुख्य चिकित्साधिकारी को रिपोर्ट भेजी जाएगी। बताते चलें कि पहले भी स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण के दौरान कई अल्ट्रासाउंड केंटो में खामियां मिलने के मामले सामने आए हैं।





