Oplus_16908288
झबरेड़ा 14 अप्रैल। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के 135वें जन्मोत्सव के अवसर पर झबरेड़ा में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक गणमान्य व्यक्तियों ने बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग से नगर पंचायत कार्यालय की ओर जाने वाले चौधरी भरत सिंह-चौधरी चरत सिंह मार्ग चौराहा पर स्थापित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।


मंगलवार को अंबेडकर जयंती पर क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र जाति, नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष व ओबीसी मोर्चा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी व दर्जाधारी देशराज कर्णवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उक्त सभी नेताओं ने संयुक्त रूप से डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा क्षेत्रवासियों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। क्षेत्रीय विधायक वीरेंद्र जाति ने कार्यक्रम में कहा कि डॉ. अंबेडकर का व्यक्तित्व और कृतित्व हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने स्थानीय मांग और जन भावनाओं को देखते हुए एक महत्वपूर्ण घोषणा कि यदि जन भावनाओं को देखते हुए वर्तमान मूर्ति छोटी प्रतीत हो रही है, तो नगर पंचायत अध्यक्ष से विचार-विमर्श कर यहाँ बाबा साहब की एक विशाल और भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। हम जन भावनाओं के अनुरूप ही कार्य करेंगे। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी ने कहा कि हमें बाबा साहब के बताए मार्ग और उनके सिद्धांतों का अनुसरण करना चाहिए। उन्होंने सभी से शांति और हर्षोल्लास के साथ जन्मोत्सव मनाने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों द्वारा नगर पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी को डॉ. अंबेडकर का चित्र और पटका भेंट कर सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी हर्षवर्धन रावत, राजेंद्र गोयल, ओमपाल, गोल्डी, मोंटी, सोनू, संजय, अनुज शर्मा कार्तिक सहित समस्त सभासद और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।





