झबरेड़ा 23 जुलाई। थाना क्षेत्र अंतर्गत रंजिश के चलते एक युवक के साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट का मामले में पीड़ित का आरोप है कि जब वह अपनी जान बचाकर भाग रहा था, तो आरोपितो ने पीछे से गोली भी चलाई, जो उसकी स्कूटी पर लगी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम टिकौला निवासी जैकी कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह रात करीब 9 बजे लखनौता चौराहे पर बाल कटवाने गया था। वहां पहले से खड़े गांव के ही वंश ने उसे देखकर घूरना शुरू कर दिया। जब जैकी ने इसका कारण पूछा, तो वंश ने अपने साथी आलोक कुमार और विशाल ढाका निवासी टिकौला को फोन करके बुला लिया। पीड़ित के मुताबिक, आरोपितो ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पेट्रोल पंप पर बुलाया। डर के कारण जब जैकी अपने गांव टिकौला की ओर लौटने लगा, तो आरोपितो ने रास्ते में उसे घेरकर धक्का-मुक्की और मारपीट की। जैकी का आरोप है कि जब वह जान बचाकर भागा, तो पीछे से गोली चलने की आवाज आई। घबराहट में वह गिर गया और बाद में देखने पर उसकी स्कूटी पर गोली के दो निशान मिले। कोतवाली झबरेड़ा प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।





