Oplus_19005440
झबरेड़ा, 31 मई। ग्राम झबरेड़ी में 23 मई को भाजपा के दर्जाधारी नेता और भीम आर्मी समर्थकों के बीच हुए विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। शनिवार रात्रि पुलिस द्वारा एक नामजद आरोपित भीम आर्मी कार्यकर्ता को गिरफ्तार किए जाने के विरोध में रविवार सुबह से ही कोतवाली परिसर में भारी राजनीतिक सरगर्मी देखने को मिली। आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया और प्रशासन पर एकतरफा व सत्ता के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। दूसरी ओर, पुलिस ने पकड़े गए आरोपी का चालान कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत 23 मई को ग्राम झबरेड़ी में भाजपा के दर्जाधारी नेता देशराज कर्णवाल और उनकी पत्नी वैजयंती माला द्वारा एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। आरोप है कि कार्यक्रम स्थल के ठीक सामने डीजे बजाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गया।इस घटना के संबंध में दोनों पक्षों की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई थी। भाजपा नेत्री वैजयंती माला की तहरीर पर पुलिस ने सौरभ सहित 15 नामजद लोगों जिनमें दो महिलाओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वहीं दूसरी ओर से सौरभ की ओर से भी भाजपा दर्जाधारी देशराज कर्णवाल और उनकी पत्नी वैजयंती माला के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले की जांच कर रही झबरेड़ा पुलिस ने शनिवार की रात्रि ग्राम झबरेड़ी में दबिश देकर मुकदमे में नामजद आरोपित और भीम आर्मी कार्यकर्ता सौरभ को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित सौरभ को शनिवार रात थाने लाया गया था, जहां कानूनी कार्रवाई के बाद रविवार को संबंधित धाराओं में उसका चालान कर न्यायालय में पेश कर दिया गया है। कार्यकर्ता की गिरफ्तारी की सूचना मिलते ही रविवार सुबह से ही भारी संख्या में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता कोतवाली झबरेड़ा में जुटना शुरू हो गए। दोपहर तक आजाद समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह भी दर्जनों साथियों के साथ कोतवाली पहुंचे। कोतवाली परिसर में ही पत्रकारों से वार्ता करते हुए महक सिंह ने स्थानीय पुलिस और प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कोतवाली पुलिस सत्ताधारी दल भाजपा के भारी दबाव में है। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा केवल एकतरफा कार्रवाई करते हुए उनके कार्यकर्ता को दुर्भावनापूर्ण तरीके से गिरफ्तार किया गया है।आसपा प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने वैजयंती माला द्वारा रुड़की सिविल अस्पताल से तैयार कराई गई मेडिकल रिपोर्ट पर भी बड़े सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मेडिकल रिपोर्ट पूरी तरह से फर्जी और मनगढ़ंत है। फर्जी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने इस मामले में ‘अंग-भंग’ किए जाने जैसी बेहद गंभीर धारा को अलग से जोड़ दिया है, जो कि पूरी तरह से गलत और कानून का दुरुपयोग है। हम इसका पुरजोर विरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि मामले को लेकर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने अब आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया है। महक सिंह ने चेतावनी दी है कि सोमवार को बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता रुड़की स्थित सिविल अस्पताल में एकत्रित होंगे। वहाँ उस डॉक्टर का डटकर विरोध किया जाएगा, जिसने कथित तौर पर फर्जी मेडिकल रिपोर्ट तैयार की है। संगठन द्वारा गलत रिपोर्ट बनाने वाले डॉक्टर के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की मांग भी की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है।





