झबरेड़ा 30 अप्रैल। उत्तराखंड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड की विजिलेंस टीम ने कस्बा में सघन चेकिंग अभियान चलाकर बिजली चोरों और बकायेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। इस अभियान के दौरान टीम ने कुल 13 उपभोक्ताओं के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की, जिससे क्षेत्र के अवैध बिजली उपयोग करने वालों में हड़कंप मच गया।

गुरुवार को कस्बा झबरेडा में विजिलेंस टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि 8 उपभोक्ता सीधे तौर पर बिजली चोरी कर रहे थे। इसके अलावा, 3 उपभोक्ताओं के मीटरों में तकनीकी गड़बड़ी पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही सील कर दिया गया और उनके स्थान पर नए स्मार्ट मीटर स्थापित किए गए। चेकिंग के दौरान एक बड़े बकायेदार का भुगतान न होने पर उसका मीटर भी उखाड़ लिया गया। कार्यवाही के दौरान गड़बड़ी करने वाले उपभोक्ताओं और विजिलेंस टीम के बीच तीखी नोंकझोंक भी देखने को मिली। हालांकि, भारी पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी के कारण स्थिति पर काबू पा लिया गया। इस महत्वपूर्ण अभियान में झबरेड़ा SDO मोहम्मद रिजवान और JE अशोक कुमार के साथ विजिलेंस टीम से SDO धनंजय, SDO अनिल कुमार, और SDO विकास शामिल रहे। सुरक्षा और जांच व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए इंस्पेक्टर मारुतशाह और सब इंस्पेक्टर संजीव त्यागी अपने दलबल के साथ मुस्तैद रहे। SDO झबरेड़ा मोहम्मद रिजवान ने बताया कि भीषण गर्मी के कारण बिजली की मांग और लोड लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कई उपभोक्ता अपने स्वीकृत भार से दो से चार गुना अधिक बिजली का उपयोग कर रहे हैं। इससे ट्रांसफार्मर के क्षतिग्रस्त होने और लाइनों में आग लगने का गंभीर खतरा बना रहता है। विभागीय अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा। विभाग उन उपभोक्ताओं की भी दोबारा चेकिंग कर रहा है जिनके कनेक्शन पूर्व में बकाया राशि के कारण काटे गए थे। यूपीसीएल ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने बिजली बिलों का समय पर भुगतान करें और स्वीकृत भार के अनुसार ही बिजली का उपयोग करें ताकि निर्बाध आपूर्ति बनी रहे।





