झबरेड़ा 29 अप्रैल। थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव में मामूली विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। दुकान के सामने ठेली लगाने का विरोध करने पर एक युवक ने दुकानदार पर तमंचे से फायर झोंक दिया। गोली युवक की टांग में लगी है, जिसे गंभीर हालत में देहरादून के दून अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

झबरेडा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव लाठरदेवा शेख निवासी जुबैर आलम का पुत्र मो. आकिब और भतीजा मसरूर आलम गांव में ही अपनी मोबाइल की दुकान पर मौजूद थे। बीते 27 अप्रैल की शाम करीब 7:20 बजे गांव का ही निवासी मुसीर आलम एक फलूदा बेचने वाले की ठेली लेकर आया और दुकान के बिल्कुल गेट के सामने खड़ा कर दिया।जब आकिब ने रास्ता बाधित होने पर ठेली आगे बढ़ाने का आग्रह किया, तो मुसीर आलम गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने लगा। माहौल बिगड़ता देख आकिब और मसरूर दुकान बंद कर घर की ओर जाने लगे। जैसे ही दोनों कुछ दूर चले, मुसीर आलम ने हत्या के इरादे से पीछे से अवैध तमंचे से फायर कर दिया। गोली आकिब की बाईं टांग में घुटने के ऊपर जा लगी। आरोपित ने दूसरा राउंड लोड करने की कोशिश भी की, लेकिन पहले कारतूस का खोखा फंस जाने के कारण वह दोबारा फायर नहीं कर सका। घटना के समय आरोपित के साथ एक अज्ञात व्यक्ति भी मौजूद था।घायल आकिब को तत्काल रुड़की के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दून सरकारी अस्पताल, देहरादून रेफर कर दिया। फिलहाल युवक का इलाज जारी है। पीड़ित पक्ष की ओर से जुबैर आलम ने थाना झबरेड़ा में तहरीर देकर नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह का कहना है कि तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और फरार आरोपितो की तलाश की जा रही है।





