झबरेड़ा 2 जून। कस्बा अंतर्गत शादी के महज चार दिन पहले एक 19 वर्षीय युवती संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कस्बा झबरेडा की मोहल्ला नूर बस्ती निवासी मुरसलीन ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी 19 वर्षीय पुत्री की शादी आगामी 3 जून को होनी तय हुई थी। परिजनों में शादी की तैयारियां चल रही थीं। इसी बीच बीते शुक्रवार 29 मई को दोपहर करीब 3 बजे युवती अचानक घर से कहीं चली गई। जब वह जुमे की नमाज पढ़कर दोपहर करीब 3 बजे घर लौटे, तो बेटी गायब थी। काफी खोजबीन करने और रिश्तेदारों के यहाँ पता करने के बाद भी जब उसका कुछ सुराग नहीं लगा, तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई।पिता का आरोप है कि जांच-पड़ताल करने पर उन्हें पता चला कि खजूरी गांव कोतवाली झबरेड़ा का रहने वाला साहिल उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। बताया गया है कि साहिल को पहले भी लड़की के सिलसिले में घर के आसपास मंडराते देखा गया था, जिस पर परिजनों ने उसे चेतावनी देकर समझाया भी था। पीड़ित पिता मुरसलीन की तहरीर के आधार पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए युवती और आरोपित युवक की तलाश में जुट गई है।





