झबरेड़ा 15 मई। एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में मृतका के भाई ने ससुराल पक्ष पर उसकी बहन को जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली मंगलौर के गांव बिझौली निवासी फारूख ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन रिहाना का निकाह अकबरपुर झोझा निवासी सत्तार के साथ हुआ था। आरोप है कि सत्तार पिछले काफी समय से रिहाना को तलाक देकर किसी अमीर महिला से निकाह करने की फिराक में था। करीब दो साल पहले भी उसने रिहाना को मारने का प्रयास किया था, जिसके बाद गांव के गणमान्य व्यक्तियों की मौजूदगी में पंचायत हुई थी। उस वक्त सत्तार ने माफी मांगते हुए दोबारा ऐसी गलती न करने का भरोसा दिलाया था, जिसके बाद रिहाना को उसकी ससुराल भेज दिया गया था। आरोप है कि कुछ समय से सत्तार की आदतें फिर से बिगड़ गई थीं। वह रिहाना पर मायके से पैसे लाने का दबाव बना रहा था और मांग पूरी न होने पर जान से मारने की धमकियां दे रहा था। इस साजिश में सत्तार के परिवार के अन्य सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं। 30 अप्रैल की रात करीब 8 बजे सत्तार ने रिहाना के भाई को फोन कर उसके बीमार होने और झबरेड़ा के प्रज्ञा अस्पताल में भर्ती होने की सूचना दी। जब परिजन अस्पताल पहुंचे, तो रिहाना की हालत अत्यंत नाजुक थी। परिजनों का दावा है कि रिहाना ने दम तोड़ने से पहले सबके सामने बताया कि उसके पति सत्तार ने उसे जहर दिया है और इस कृत्य में उसके सास-ससुर व देवर ने भी साथ दिया है। आरोपितो ने कथित तौर पर रिहाना से यह भी कहा कि अगर वह पहले ही तलाक दे देती तो उसकी जान बच जाती। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने रिहाना को देहरादून के पारस अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। अस्पताल की सूचना पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मृतका के भाई फारूख ने आरोपित पति सत्तार और उसके परिजनों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्यवाही की मांग पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।





