झबरेड़ा 14 मई। झबरेड़ा-इकबालपुर मार्ग पर गुरुवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो बाइक सवार युवकों की जान चली गई। हादसा ग्राम साबतवाली के गेट के पास उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार टाटा 407 ट्रक और बाइक के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

ग्राम बेहेडेकी सैदाबाद निवासी गौरव 22 वर्ष पुत्र रोशन और रितिक 21 वर्ष पुत्र माधव बाइक पर सवार होकर झबरेड़ा कस्बे से अपने गांव वापस लौट रहे थे। शाम लगभग 7 बजे जैसे ही वे साबतवाली गांव के गेट के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक टाटा 407 ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि दोनों युवकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें रुड़की सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस ने दुर्घटना करने वाले टाटा 407 ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। गांव बेहेडेकी सैदाबाद में मातम का माहौल है। दो जवान बेटों की अचानक मौत से परिवार और गांव के लोग गहरे सदमे में हैं।





