झबरेड़ा 5 जून। थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी रंजिश के चलते एक युवक को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीट कर हमलावरों ने पीड़ित की मोटरसाइकिल को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपितो के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस को दी गई तहरीर में ग्राम बसवाखेड़ी कोतवाली मंगलौर निवासी रितेश कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले उनका गांव के ही दीक्षित नाम के युवक के साथ विवाद हुआ था, जिसे ग्रामीणों ने आपस में समझौता कराकर शांत करा दिया था। परन्तु बीती 31 मई की शाम करीब 5:15 बजे जब वह सामान लेने के लिए कस्बा झबरेड़ा जा रहा था, तभी ग्राम कोटवाल के पास बसवाखेड़ी मार्ग पर घात लगाए बैठे आरोपितो ने रोक लिया। आरोप लगाया गया है कि गांव के ही दीक्षित, जोनेश और तनुष ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर पीड़ित को रोका और गाली-गलौज शुरू कर दी। जब रितेश ने इसका विरोध किया, तो आरोपितो ने लाठी-डंडों और लात-मुक्कों से उस पर हमला कर दिया। इस मारपीट में पीड़ित की मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। चीख-पुकार सुनकर जब आस-पास के लोग मौके पर इकट्ठा होने लगे, तो आरोपित पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से रफूचक्कर हो गए। पीड़ित रितेश कुमार ने झबरेड़ा कोतवाली में नामजद तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी अंडर ट्रेनिंग क्षेत्राधिकार दक्ष शौखंड ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है।





