झबरेडा 23 मई। भारतीय जनता पार्टी रुड़की जिला के जिला मंत्री और दुग्ध संघ हरिद्वार के नामित सदस्य ने गांव में लंबे समय से चली आ रही गंभीर विद्युत समस्याओं को लेकर रुड़की मंडल के अधीक्षण अभियंता को एक आधिकारिक पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने क्षेत्र में लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और उल्टे चक्कर की समस्या से त्रस्त जनता और किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए मांग की है।

भाजपा जिला मंत्री सचिन झबरेड़ी ने बताया कि ग्राम झबरेड़ी कलां वर्तमान में मखदुमपुर फीडर से जुड़ा हुआ है। फीडर से गाँव की दूरी लगभग 10 किलोमीटर होने के कारण पूरी लाइन में लगातार लो-वोल्टेज और बार-बार ट्रिपिंग की समस्या बनी रहती है। विद्युत लाइन अत्यधिक लंबी होने के कारण हर दो घंटे में उल्टे चक्कर और वोल्टेज डाउन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, जिससे स्थानीय किसानों के सामने सिंचाई का भारी संकट खड़ा हो गया है। जनहित और किसानों की समस्या को देखते हुए भाजपा नेता ने अधीक्षण अभियंता से मांग की है कि ग्राम झबरेड़ी कलां को मखदुमपुर फीडर से हटाकर लाठरदेवा शेख फीडर से कनेक्ट किया जाए, ताकि दूरी कम हो और वोल्टेज में सुधार हो सके। हर दो घंटे में होने वाले उल्टे चक्कर और वोल्टेज डाउन की समस्या का तुरंत स्थाई समाधान निकाला जाए।ग्रामीण क्षेत्र में सुचारू रूप से प्रतिदिन 24 घंटों में से कम से कम 18 घंटे बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।सचिन झबरेड़ी ने विभागीय अधिकारियों से आग्रह किया है कि भीषण गर्मी और खेती के सीजन को देखते हुए जनहित में इन समस्याओं का शीघ्र से शीघ्र निस्तारण किया जाए, ताकि ग्रामीणों और किसानों को राहत मिल सके।





