Oplus_19005440
झबरेडा 20 जुलाई। मानसूनी बरसात के चलते विद्युत तंत्र की सुचारू व्यवस्था बनाए रखने और संभावित हादसों को टालने के लिए ऊर्जा निगम पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। विद्युत कर्मचारियों द्वारा उपखंड परिसर की साफ सफाई की गई।

सोमवार को झबरेड़ा स्थित विद्युत उपखंड 33/11 केवी बिजली घर परिसर में एक वृहद स्वच्छता एवं रखरखाव अभियान चलाया गया। ऊर्जा निगम के उपखंड अधिकारी रिजवान अली के कुशल दिशा-निर्देशन में आयोजित अभियान में विद्युत कर्मियों ने परिसर की स्थिति ही बदल दी।बरसात के मौसम में अक्सर बिजली घर परिसर में उगी घनी झाड़ियां, गाजर घास और जमा कूड़ा-कचरा बिजली आपूर्ति में बड़ी बाधा बनते हैं। बारिश के दौरान बड़े 33/11 केवी ट्रांसफार्मरों, सीटी-पीटी और अन्य संवेदनशील विद्युत उपकरणों के आसपास पानी भरने या नमी रहने से स्पार्किंग और तकनीकी खराबी का खतरा काफी बढ़ जाता है।अधिकारियों का कहना है कि मशीनों के नीचे और आसपास कचरा या घनी घास होने से फाल्ट ढूंढने और उसे समय पर ठीक करने में भारी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सफाई हो जाने से अब न केवल उपकरणों का निरीक्षण आसानी से हो सकेगा, बल्कि किसी भी आपात स्थिति में मरम्मत कार्य भी तेजी से पूरा किया जा सकेगा। मानसून के दिनों में बिजली घरों के आसपास उगी झाड़ियों और घास में विषैले जीव-जंतुओं जैसे सांप, बिच्छू आदि के छिपने की पूरी संभावना बनी रहती है। रात के समय या आपातकालीन परिस्थितियों में फाल्ट ठीक करने के लिए निकलने वाले लाइनमैन और कर्मचारियों के लिए यह बेहद जोखिम भरा होता है। पूर्व में भी कई बार झाड़ियों के कारण कर्मचारियों को जहरीले जीवों के काटने का डर बना रहता था। इस सफाई अभियान के बाद परिसर को सुरक्षित बना दिया गया है ताकि कर्मचारी बिना किसी भय के अपनी ड्यूटी निभा सकें। सोमवार सुबह से शुरू हुए इस विशेष सफाई अभियान में ऊर्जा निगम के सभी कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कर्मचारियों ने फावड़े, हंसिया और अन्य उपकरणों की मदद से मुख्य ट्रांसफार्मरों के नीचे, कंट्रोल रूम के आसपास और पूरे बिजली घर परिसर से झाड़ियों एवं कूड़े-कचरे को हटाकर निस्तारित किया। इस अवसर पर जे ई अशोक कुमार,कैलाश चंद, अंकित शर्मा, संदीप, राजीव शर्मा, दीपक, टिंकू, संसार, नरेंद्र, अरुण सहित उपखंड के समस्त विद्युत कर्मी मौजूद रहे। उपखंड अधिकारी रिजवान अली ने कहा कि मानसून के दौरान क्षेत्र में निर्बाध और सुरक्षित बिजली आपूर्ति बनाए रखना हमारी पहली प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सुरक्षा और उपकरणों के रख-रखाव के लिए यह कदम उठाया गया है। आगे भी मानसून भर परिसर की निगरानी और नियमित सफाई जारी रहेगी।





