Oplus_16908288
झबरेड़ा, 11 जुलाई। कस्बा स्थित स्कूल में वन महोत्सव के उपलक्ष्य में हाउस-वार गमला सजावट एवं पौधारोपण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना और वृक्षारोपण के महत्व को समझाना था।

कस्बा झबरेड़ा स्थित एम्बिशन पब्लिक स्कूल में शनिवार को गमला सजावट एवं पौधारोपण प्रतियोगिता के दौरान सभी हाउस के विद्यार्थियों में भारी उत्साह देखने को मिला। छात्रों ने बेहद आकर्षक और रचनात्मक ढंग से गमलों को सजाया। इसके साथ ही उन्होंने गमलों में औषधीय व छायादार पौधे लगाकर उनके पर्यावरणीय, सामाजिक और औषधीय महत्व की बेहतरीन प्रस्तुति भी दी। छात्रों की रचनात्मकता और प्रस्तुतिकरण के आधार पर निर्णायक मंडल ने विजेताओं की घोषणा की। प्रथम स्थान गांधी हाउस की साताक्षी एवं किंजल की टीम ने बाजी मारी। द्वितीय स्थान ज़ैद, अनीकेत, आराध्या एवं अविका की संयुक्त टीम उपविजेता रही। तृतीय स्थान टैगोर हाउस की वंशिका एवं अवनी को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक विश्वास सिंह पंवार एवं निदेशक सोनम रॉस ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने बच्चों की कलात्मक सोच को सराहते हुए कहा कि आज के समय में प्रकृति को बचाना बेहद जरूरी है। स्कूल प्रबंध निदेशक विश्वास सिंह पंवार ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और सिर्फ लगाना ही नहीं, बल्कि एक अभिभावक की तरह उसकी देखभाल भी करनी चाहिए। पर्यावरण को सुरक्षित रखकर ही हम उज्जवल भविष्य की कल्पना कर सकते हैं।कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया।





